उत्तराखंड में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 4 जिलों में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी; अगले तीन दिन भी बिगड़ा रहेगा मौसम

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के देहरादून केंद्र ने शनिवार के लिए पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
आईएमडी के अनुसार देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा चमोली, अल्मोड़ा समेत राज्य के अन्य जिलों में भी अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अति तीव्र दौर आने की भी संभावना व्यक्त की है। विभाग ने लोगों को नदी-नालों और बरसाती गदेरों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान
19 जुलाई: राज्य के अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
20 जुलाई: उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
21 जुलाई: पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें और कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोग और यात्रा करने वाले पर्यटक अतिरिक्त सतर्कता बरतें।








