पिथौरागढ़ सड़क हादसा: जीप स्यूनी नाले में गिरी, 8 की मौत, 8 घायल तीन बच्चों समेत सभी मृतक एक ही गांव के, CM धामी ने जताया शोक

थल (पिथौरागढ़)- पिथौरागढ़ जनपद में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पिथौरागढ़-थल मोटर मार्ग पर मुवानी के पास स्यूनी पुल के समीप हुआ, जहां एक मैक्स जीप (UK 05 TA 0193) अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर नीचे बह रहे स्यूनी नाले में जा गिरी।
हादसे में वाहन सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन बच्चियां भी शामिल हैं। वाहन मुवानी से बोक्टा गांव जा रही थी, जिसमें कुल 16 सवारियां थीं। जैसे ही वाहन स्यूनी पुल के पास पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया और विशाल बोल्डरों से टकराकर चकनाचूर हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत मुवानी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया।
मृतकों की सूची:
सिमरन (8) पुत्री कुंदन सिंह
तनूजा (14) पुत्री चंद्र सिंह
विनीता (16) पुत्री चंद्र सिंह
नरेंद्र सिंह (40) चालक, पुत्र चंद्र सिंह
राजेंद्र सिंह (60) पुत्र किशन सिंह
होशियार सिंह (65) पुत्र भीम सिंह
शांति देवी (50) पत्नी केशव राम
दीक्षा बोरा (26) पत्नी पंकज बोरा
घायल हुए लोग:
विनीता (20) पुत्री पूरन बहादुर
योगेश कुमार (20) पुत्र किशन राम
श्याम सिंह मुनौला (35) पुत्र बहादुर सिंह
दीवान सिंह (55) पुत्र भीम सिंह
सुमित सिंह (22) पुत्र प्रवीण सिंह
पूजा मुनौला पत्नी कुंदन सिंह मुनौला
(अन्य दो घायलों के नामों की पुष्टि की जा रही है)
सूचना मिलने पर थल पुलिस, एसडीएम डीडीहाट खुशबू पांडेय, क्षेत्राधिकारी केएस रावत, थानाध्यक्ष शंकर रावत समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और सभी घायलों को बेहतर व निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
