उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में बारिश का कहर: उत्तरकाशी-टिहरी में लैंडस्लाइड, रुड़की में जलभराव, 7 जिलों में स्कूल बंद; 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। देर रात से राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तरकाशी और टिहरी जिलों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि हरिद्वार जिले के रुड़की में तेज बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव हो गया और घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

 

उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नालूपानी के पास तथा यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी के समीप भूस्खलन होने से यातायात प्रभावित हुआ। वहीं टिहरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-707A पर दुकानों के पास हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। प्रशासन के अनुसार आसपास के दो से तीन मकान भी खतरे की जद में हैं, जिन्हें लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  जिला अधिकारी ने बैठक कर जिले में अतिक्रमण को चिन्हित करने के दिये निर्देश

 

 

मौसम विभाग ने राज्य के देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

 

मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और अल्मोड़ा जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी-(बड़ी खबर) यहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में नर्सिंग कॉलेज की छात्रा की हुई मौत, इस हालत में मिली लाश, परिवार में मचा कोहराम।

 

 

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारों का सिलसिला जारी रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

 

 

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

10 जुलाई: राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  दुःखद खबर- उत्तराखंड की मशहूर अभिनेत्री गीता उनियाल का हुआ निधन

11 जुलाई: कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में व्यापक स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

12 जुलाई: पूरे राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।

 

 

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।