उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, 6 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट; 3 राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 120 सड़कें बंद

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के सभी जिलों में रविवार से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी जिलों में अनेक स्थानों और मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने, तेज गर्जना और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ने की चेतावनी भी दी गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
लगातार हो रही बारिश का असर प्रदेश के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है। राज्य में तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 120 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है। वहीं, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा बह जाने से फंसे करीब 100 श्रद्धालुओं को प्रशासन और बचाव दल ने रस्सियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। लगातार बारिश के कारण बंद सड़कों को खोलने का कार्य भी बाधित हो रहा है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
13 जुलाई:
प्रदेश के अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं।
14 जुलाई:
राज्य के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
15 जुलाई:
उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश के दौर पड़ सकते हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और यात्रा पर निकलने से पहले मौसम एवं सड़क मार्ग की ताज़ा जानकारी लेने की अपील की है।








