साइबर ठगी करने वालों पर RBI का शिकंजा! संदिग्ध बैंक खातों पर लगेगी रोक, जानिए नए नियम

नई दिल्ली- देश में बढ़ते साइबर फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बड़ा कदम उठाया है। अब साइबर ठगी, मनी म्यूल गतिविधियों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़े बैंक खातों पर कार्रवाई के लिए बैंकों को एक समान प्रक्रिया अपनानी होगी। RBI ने इसके लिए नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी की है। इसके तहत बैंक संदिग्ध खातों या लेनदेन की जांच के दौरान खाते से पैसे निकालने पर अस्थायी रोक (Debit Hold) लगा सकेंगे।
RBI ने 27 नवंबर 2026 को इस संबंध में संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनका उद्देश्य साइबर अपराधियों द्वारा दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर ठगी की रकम इधर-उधर भेजने पर रोक लगाना है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना है कि किसी निर्दोष ग्राहक को अनावश्यक परेशानी न हो।
1 जुलाई 2027 से लागू होंगे नए निर्देश
RBI के मुताबिक नए दिशा-निर्देश 1 जुलाई 2027 से लागू होंगे। हालांकि बैंक चाहें तो इन्हें इससे पहले भी लागू कर सकते हैं। ये निर्देश वाणिज्यिक बैंकों के साथ स्मॉल फाइनेंस बैंक, पेमेंट बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और शहरी सहकारी बैंकों पर भी लागू होंगे।
संदिग्ध खाते पर लग सकेगी डेबिट रोक
नई व्यवस्था के तहत यदि किसी बैंक को किसी खाते में मनी म्यूल गतिविधि, साइबर फ्रॉड या अन्य संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का पता चलता है तो वह संबंधित रकम या जरूरत पड़ने पर पूरे खाते से पैसे निकालने पर अस्थायी रोक लगा सकेगा। बैंक को इसके लिए तय मानकों और आंतरिक प्रक्रिया का पालन करना होगा। पूरे खाते पर रोक लगाना अंतिम विकल्प और विशेष परिस्थितियों में ही होना चाहिए।
ग्राहक को बताना होगा रोक लगाने का कारण
RBI ने ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए बैंकों को निर्देश दिया है कि डेबिट रोक लगाए जाने पर खाताधारक को इसकी जानकारी दी जाए। उसे रोक लगाने का कारण, इसे हटवाने की प्रक्रिया और संबंधित अधिकारी का संपर्क विवरण भी उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राहक को अपना पक्ष रखने का अवसर भी मिलेगा।
30 दिन बाद रोक हटाने का भी प्रावधान
नई SOP में डेबिट रोक की समीक्षा और उसे हटाने के लिए समय-सीमा तय की गई है। बैंक को संदिग्ध खाते की जानकारी संबंधित पुलिस अथवा जांच एजेंसी तक पहुंचानी होगी। यदि निर्धारित 30 दिनों के भीतर रोक जारी रखने के लिए सक्षम प्राधिकारी का वैधानिक निर्देश नहीं मिलता है, तो बैंक की जांच और संतुष्टि के आधार पर 31वें दिन डेबिट रोक हटानी होगी। हालांकि सक्षम प्राधिकारी के निर्देश मिलने पर रोक जारी रह सकती है।
शिकायतों के निपटारे के लिए भी व्यवस्था
RBI ने बैंकों को शिकायतों के निस्तारण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और शिकायतों की निगरानी की व्यवस्था बनाने को कहा है। ग्राहकों की शिकायतों का निस्तारण अधिकतम 30 दिनों के भीतर किया जाना होगा। बैंकों को डेबिट रोक से जुड़े रिकॉर्ड पांच साल तक सुरक्षित रखने होंगे।
RBI का यह कदम डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन लेनदेन के दौर में साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ निर्दोष खाताधारकों के हितों की रक्षा करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।











