आरबीआई में ऑफिस अटेंडेंट के 572 पदों पर भर्ती, 4 फरवरी तक करें आवेदन

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ऑफिस अटेंडेंट के कुल 572 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। ये नियुक्तियां देश के 15 शहरों में की जाएंगी, जिनमें लखनऊ, कानपुर, नई दिल्ली, पटना सहित अन्य प्रमुख शहर शामिल हैं। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 04 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
योग्यता:
उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 10वीं या 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी को संबंधित राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की स्थानीय भाषा में निपुण होना चाहिए।
आयु सीमा:
आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष से कम होनी चाहिए। आयु की गणना 01 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। यानी उम्मीदवार का जन्म 02 जनवरी 2001 से पहले और 01 जनवरी 2008 के बाद नहीं होना चाहिए (दोनों तिथियां शामिल)।
आरक्षित वर्गों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी। ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष, एससी/एसटी वर्ग को 5 वर्ष और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की छूट मिलेगी।
वेतनमान:
चयनित उम्मीदवारों को 24,250 रुपये से 53,550 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क:
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 450 रुपये रखा गया है। वहीं एससी/एसटी वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 50 रुपये निर्धारित है। शुल्क का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकता है।
चयन प्रक्रिया:
उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा और भाषा प्रवीणता परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को भाषा प्रवीणता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
परीक्षा का प्रारूप:
लिखित परीक्षा कुल 120 अंकों की होगी, जिसमें 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
तर्कक्षमता – 30 प्रश्न
सामान्य अंग्रेजी – 30 प्रश्न
सामान्य जागरूकता – 30 प्रश्न
संख्यात्मक क्षमता – 30 प्रश्न
परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक चौथाई अंक की नकारात्मक अंकन (नेगेटिव मार्किंग) लागू होगी।
आवेदन कैसे करें:
अभ्यर्थी भारतीय रिजर्व बैंक की आधिकारिक वेबसाइट https://rbi.org.in/ पर जाएं। होमपेज पर Opportunities@RBI पर क्लिक करें। इसके बाद Current Vacancies विकल्प चुनें।
खुलने वाले पेज पर उपलब्ध नोटिफिकेशन में से “Recruitment for the Post of Office Attendant in Reserve Bank of India – Panel Year” पर क्लिक कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।








