उत्तराखण्डकुमाऊं,

बेतालघाट में कम्बल वितरण के दौरान भगदड़, दीवार ढही; 6 घायल, आयोजकों पर मुकदमा दर्ज

बेतालघाट (नैनीताल)- मिनी स्टेडियम बेतालघाट में 16 फरवरी 2026 को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था के चलते भगदड़ मच गई और स्टेडियम की दीवार ढहने से छह लोग घायल हो गए। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आयोजकों के खिलाफ अभियोग दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

 

जानकारी के अनुसार, “बाबा हेल्प देम फाउण्डेशन” के मुख्य आयोजक एवं संस्थापक शीलू कुमार और तारा भण्डारी, निवासी बेतालघाट, द्वारा “आरम्भ विधानसभा सम्मेलन 2027” नामक कार्यक्रम मिनी स्टेडियम में बिना सक्षम प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय थाना की अनुमति के आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 6000 लोगों को आमंत्रित किया गया था।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी-(बड़ी खबर) नैनीताल पुलिस व एसओजी टीम को मिली बड़ी सफलता, 1 किलो से अधिक स्मैक के साथ सिपाही सहित तीन तस्कर गिरफ्तार

 

कार्यक्रम के दौरान लोकगायन के साथ कम्बल वितरण किया जा रहा था। आरोप है कि आयोजकों द्वारा भीड़ नियंत्रण, निजी सुरक्षा तथा आपातकालीन प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। कार्यक्रम का संचालन तारा भण्डारी कर रही थीं, जबकि शीलू कुमार, नरेश पाण्डे और अन्य लोगों द्वारा अव्यवस्थित तरीके से कम्बल वितरण किए जाने से भारी भीड़ एक ही स्थान पर एकत्र हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआँ- इंस्पेक्टर पद पर प्रोन्नत हुए हरेंद्र सिंह नेगी को एसपी सिटी ने पहनाये स्टार

 

भीड़ का दबाव बढ़ने पर स्टेडियम की एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे दबकर छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

पुलिस के अनुसार, इस लापरवाहीपूर्ण आयोजन से आमजन की जान जोखिम में पड़ी तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रा.र.द. अधिकारी बेतालघाट कुन्दन कुमार की तहरीर के आधार पर थाना बेतालघाट में धारा 125(क)(ख)/190/292 बीएनएस एवं धारा 3(2) लोक सम्पत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ पत्थरो से चेहरा कुचलकर अमीन की हत्या, क्षेत्र में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

जनपद पुलिस की अपील:
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने से पूर्व सक्षम प्रशासनिक अनुमति अवश्य लें तथा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का पालन करें, अन्यथा विधिक कार्रवाई की जाएगी।