30 मई तक चलेगा अभियान: नैनीताल जिले के 2.32 लाख राशन कार्डों की होगी जांच, अपात्रों पर गिरेगी गाज

नैनीताल जिले में राशन कार्डों के सत्यापन अभियान को प्रशासन ने तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में कुल 2 लाख 32 हजार 580 राशन कार्डों का सत्यापन किया जा रहा है। अभियान को 30 मई तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से राशन कार्ड धारकों के सत्यापन के लिए विशेष समिति गठित की गई है। सत्यापन कार्य 17 अप्रैल से शुरू किया गया था, लेकिन प्रगति धीमी होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
जिले में क्षेत्रवार राशन कार्डों की संख्या की बात करें तो हल्द्वानी में 1,14,440, रामनगर में 40,792, नैनीताल में 32,161, कैंचीधाम में 12,319, कालाढूंगी में 14,103 तथा धारी क्षेत्र में 18,377 राशन कार्ड शामिल हैं।
आरओ विनय जोशी ने बताया कि अब तक 70 राशन कार्डों का सत्यापन किया जा चुका है, जिनमें से 13 कार्ड अपात्र पाए गए हैं। अपात्र कार्डधारकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन कार्य पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।








