शादी के 8 दिन बाद उजड़ गया सुहाग: पिथौरागढ़ में स्विमिंग पूल में डूबने से युवक की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
पत्नी के हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी, दोस्तों के साथ नहाने गया था युवक; परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से एक बेहद दुखद और रहस्यमयी घटना सामने आई है। शादी के महज आठ दिन बाद 31 वर्षीय युवक की स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी के हाथों की मेहंदी अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों ने युवक की मौत पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान गिरीश राम निवासी चौकाड़ी (बेरीनाग) के रूप में हुई है, जो ऐंचोली में टैक्सी चालक के रूप में कार्य करता था। बुधवार सुबह वह अपनी पत्नी राखी से जल्द लौटने का कहकर दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर शाम जब उसके निधन की सूचना घर पहुंची तो नवविवाहिता पत्नी बेसुध हो गई। दोनों का विवाह आठ दिन पहले ही इग्यारदेवी गांव में हुआ था।
दोस्तों के साथ गया था स्विमिंग पूल
पुलिस के अनुसार, गिरीश अपने दो दोस्तों प्रदीप कुमार (निवासी हुड़ेती) और अमित कोहली (आईटीबीपी जवान, निवासी गणाई गंगोली) के साथ बुडलगांव स्थित स्विमिंग पूल में नहाने गया था। तीनों पानी में थे, तभी गिरीश अचानक पानी के अंदर चला गया और काफी देर तक बाहर नहीं आया।
दोस्तों ने पहले इसे सामान्य गोता समझा, क्योंकि गिरीश तैराकी में माहिर माना जाता था। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर दोनों ने उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
मृतक के दादा एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेर राम ने घटना पर सवाल उठाते हुए कहा कि गिरीश एक अच्छा तैराक था और कई बार नदियां तक पार कर चुका था। ऐसे में उसका स्विमिंग पूल में डूब जाना सामान्य नहीं लगता। उन्होंने मामले में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
घर का इकलौता सहारा था गिरीश
गिरीश के पिता गोपाल राम का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। ऐंचोली और चौकाड़ी क्षेत्र में शोक की लहर है।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पानी में डूबना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, परिजनों की आशंका और मृतक के कुशल तैराक होने के दावे को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








