प्रशिक्षण और टीमवर्क ही आपदा में सबसे बड़ी ताकत – सीईओ अजय कुमार गुप्ता

लालकुआँ न्यूज़- 24 व 25 फरवरी को सेंचुरी पल्प एंड पेपर, लालकुआँ में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल एनडीआरएफ गदरपुर की टीम ने दो दिवसीय आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
प्रशिक्षण में भूकंप, बाढ़ व अग्निकांड जैसी परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार तथा अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। मिल के विभिन्न विभागों के लगभग 100 कर्मचारियों ने भाग लिया।
मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के लिए सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संकट की घड़ी में प्रशिक्षित मानवबल, त्वरित निर्णय क्षमता और टीमवर्क ही सबसे बड़ी ताकत होते हैं। मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कर्मचारियों में आत्मविश्वास और सजगता बढ़ाते हैं। नियमित अभ्यास से आपात स्थिति में घबराहट कम होती है और नुकसान को सीमित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा, एनडीआरएफ के कमांडेंट कनिष्क पांगती, जिला उद्योग केंद्र की सहायक प्रबंधक सीमा बिष्ट, मिल के महाप्रबंधक संजय बाजपेयी, महाप्रबंधक सुधीर कौल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी पंकज धूलिया, चिकित्साधिकारी डॉ पवन दत्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समापन पर भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्णय लिया गया।








