उत्तराखंड के 4 जिलों में 22 नवंबर से पल्स पोलियो अभियान, 2.56 लाख बच्चों को पिलाई जाएंगी दो बूंद

देहरादून न्यूज– उत्तराखंड में पांच साल तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चलाने जा रहा है। 22 नवंबर से प्रदेश के चार जिलों में उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (SNID-2026) शुरू होगा। इस अभियान के तहत करीब 2.56 लाख बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। खास बात यह है कि जिन बच्चों को पहले भी पोलियो की खुराक दी जा चुकी है, उन्हें भी दोबारा यह खुराक दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह अभियान टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और नैनीताल जिले में संचालित किया जाएगा। 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 28 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
चार जिलों में बनाए गए 2,053 पोलियो बूथ
अभियान को सफल बनाने के लिए चारों जिलों में कुल 2,053 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इनमें 1,466 बूथ पर्वतीय क्षेत्रों और 587 बूथ मैदानी इलाकों में स्थापित किए जाएंगे। दुर्गम गांवों और दूरस्थ बस्तियों तक स्वास्थ्य टीमों की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
प्रवासी परिवारों और मलिन बस्तियों पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग का विशेष ध्यान प्रवासी परिवारों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्ठों और शहरी मलिन बस्तियों में रहने वाले बच्चों पर रहेगा। इसके लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय प्रशासन की मदद ली जाएगी। शिक्षा, समाज कल्याण और पंचायती राज विभाग भी अभियान में सहयोग करेंगे। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूएनडीपी जैसी संस्थाएं निगरानी, तकनीकी सहायता और जागरूकता कार्यक्रमों में सहयोग करेंगी।
पहले पोलियो की खुराक ले चुके बच्चों को भी पिलानी होंगी दो बूंद
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि पल्स पोलियो अभियान की खुराक नियमित टीकाकरण का विकल्प नहीं है, बल्कि बच्चों को अतिरिक्त सुरक्षा देने के लिए दी जाती है। इसलिए पहले पोलियो की खुराक ले चुके बच्चों को भी इस अभियान में दो बूंद पिलाना जरूरी है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक डॉ. अमित शुक्ला की अध्यक्षता में 19 नवंबर को आयोजित राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में पोलियो के साथ खसरा-रूबेला जैसी बीमारियों की निगरानी, समय पर जांच और रिपोर्टिंग व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
अभिभावक इन तारीखों का रखें ध्यान
- 22 नवंबर: सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित पोलियो बूथों पर खुराक पिलाई जाएगी।
- 23 से 28 नवंबर: स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। भारत पोलियो मुक्त है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए बच्चों का नियमित टीकाकरण और लगातार निगरानी बेहद जरूरी है।










