उत्तराखंड- यहां शादी का झांसा देकर मजदूर से लाखों की ठगी, जेवर और नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन

हरिद्वार न्यूज़- शहर कोतवाली क्षेत्र में शादी और प्लॉट दिलाने का झांसा देकर एक मजदूर से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने पहले मंदिर में शादी की, फिर अपने साथी के साथ मिलकर प्लॉट दिलाने के नाम पर रकम ऐंठ ली और बाद में घर से जेवर, नकदी व जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लालजीवाला निवासी बाबूराम सैनी ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि करीब आठ महीने पहले उसकी मुलाकात सविता नाम की महिला से हुई थी। महिला ने खुद को सहारनपुर निवासी बताया था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आपसी सहमति से मंदिर में विवाह कर लिया।
शादी के बाद दोनों कुछ समय तक साथ रहे।
आरोप है कि इसी दौरान सविता ने अपने परिचित प्रवीण सिंह निवासी पंजनहेड़ी, कनखल के जरिए प्लॉट दिलाने की बात कही। बाबूराम ने भरोसा करते हुए दो चेकों के माध्यम से चार-चार लाख रुपये और करीब 45 हजार रुपये नकद दे दिए। आरोपियों ने जल्द रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में दोनों अचानक गायब हो गए और मोबाइल फोन भी बंद कर लिए।
पीड़ित का आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी में सविता घर से सोने की अंगूठी, कुंडल, हार, कंगन, चांदी के बिछुए, करीब 50 हजार रुपये नकद और प्लॉट से संबंधित एग्रीमेंट भी लेकर फरार हो गई।
पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।








