उत्तराखंड: फर्जी तलाक के दस्तावेज दिखाकर दूसरी शादी रचाने वाला वन विभाग का पूर्व SDO गिरफ्तार, दुल्हन की शिकायत पर पहुंचा जेल

उत्तराखंड के देहरादून जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चकराता वन प्रभाग में तैनात रहे पूर्व उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) राजीव नयन नौटियाल को फर्जी तलाक के दस्तावेज दिखाकर दूसरी शादी रचाने, शारीरिक शोषण, दहेज मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। शिकायत स्वयं उनकी दूसरी पत्नी ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को विकासनगर स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मैट्रिमोनियल साइट से हुई पहचान, मंदिर में की शादी
पुलिस के अनुसार, ऋषिकेश निवासी महिला की पहचान वर्ष 2025 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से राजीव नयन नौटियाल से हुई थी। आरोपी ने खुद को तलाकशुदा बताते हुए महिला को विश्वास दिलाया कि उसका वैवाहिक विवाद समाप्त हो चुका है। इसके समर्थन में उसने कथित तौर पर फर्जी तलाक संबंधी दस्तावेज भी दिखाए।
महिला ने इन दस्तावेजों पर भरोसा करते हुए 2 अक्टूबर 2025 को सगाई की और बाद में 10 फरवरी को देहरादून के डालनवाला स्थित एक मंदिर में दोनों ने विवाह कर लिया।
शादी के बाद खुली सच्चाई
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद आरोपी ने उसे अपने घर में रखने से इनकार कर दिया और उससे 50 लाख रुपये की दहेज की मांग करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी का पहली पत्नी से कानूनी रूप से तलाक हुआ ही नहीं था और उसे फर्जी दस्तावेज दिखाकर शादी की गई थी।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि सगाई के बाद शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण किया।
12 जुलाई को दर्ज हुई शिकायत
पीड़िता ने 12 जुलाई को कोतवाली विकासनगर में लिखित शिकायत दी थी। जांच के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। शिकायत में आरोपी के पिता पर भी जानकारी छिपाने और सहयोग करने के आरोप लगाए गए हैं।
पहली पत्नी ने भी दर्ज कराया था मुकदमा
पुलिस जांच में सामने आया कि राजीव नयन नौटियाल की पहली पत्नी भी पहले उनके खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा चुकी है। उस मामले में चार्जशीट भी अदालत में दाखिल की जा चुकी है। इसके अलावा आईटीआई में कार्यरत अपनी पत्नी के कार्यालय में हंगामा करने के मामले में भी उनके खिलाफ कालसी कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ था।
विवादों में रहा है नाम
राजीव नयन नौटियाल पहले भी कई मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं। अवैध खनन रोकने की कार्रवाई के दौरान हुए विवाद, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के आरोप और वन मंत्री के कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के कारण निलंबन जैसे मामलों में भी उनका नाम सामने आ चुका है। हाल ही में उन्हें सरकारी सेवा से बर्खास्त भी किया गया था।
कुछ महीने पहले हुआ था हमला
गौरतलब है कि शादी के महज 17 दिन बाद राजीव नयन नौटियाल पर कथित तौर पर खनन माफियाओं ने बीच हाईवे पर हमला कर दिया था। उस घटना में उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसकी भी उस समय काफी चर्चा हुई थी।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस विधिक कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।








