उत्तराखण्डकुमाऊं,

उत्तराखंड: स्कूल जाने से पहले प्रभारी प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या, वेतन विवाद में क्लर्क पर आरोप; आरोपी फरार

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक सरकारी स्कूल के प्रभारी प्रधानाचार्य की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) पर स्कूल पहुंचने से पहले रास्ते में हमला किया गया। हत्या का आरोप विद्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक (क्लर्क) नवल किशोर सोराड़ी पर है, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

 

 

स्कूल से 150 मीटर पहले किया हमला

जानकारी के अनुसार, सैंज निवासी दयानंद टम्टा शनिवार सुबह रोज की तरह स्कूल पहुंचे। उन्होंने मुख्य सड़क पर वाहन खड़ा किया और पैदल विद्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूल से करीब 150 मीटर पहले से घात लगाए बैठे आरोपी क्लर्क नवल किशोर सोराड़ी ने उन पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने उनके पेट में चाकू घोंपा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

यह भी पढ़ें 👉  सांसद अजय भट्ट ने लालकुआं के दो स्कूलों की ज्वलंत समस्याओं का वीडियो कॉल द्वारा समाधान करते हुए तत्काल साढ़े 3 लाख रुपए किए स्वीकृत

 

 

स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

 

वेतन विवाद को माना जा रहा हत्या का कारण

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे वेतन और विभागीय विवाद का एंगल सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का करीब चार महीने से वेतन रुका हुआ था। विभागीय कार्यों में लापरवाही और अभद्र व्यवहार के आरोप में उसका वेतन रोका गया था, जिसके बाद से वह अधिकारियों से नाराज चल रहा था। पुलिस फिलहाल इसी पहलू को प्रमुख आधार मानकर जांच कर रही है, हालांकि अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

 

 

एक दिन पहले BEO को दी थी धमकी

खंड शिक्षा अधिकारी आशाराम के अनुसार, घटना से एक दिन पहले आरोपी का फोन आया था। उसने कथित तौर पर कहा था, “मेरा वेतन जारी करो, नहीं तो वहीं आकर पीटूंगा।” इस धमकी के बाद अब पुलिस कॉल डिटेल और विभागीय रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- डेढ़ महीने से लापता 15 वर्षीय छात्र का शव यहाँ इस हालत में मिला, पुलिस जांच में जुटी

 

 

आरोपी फरार, कई टीमें तलाश में जुटीं

आरोपी नवल किशोर सोराड़ी मूल रूप से चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

 

 

20 वर्षों से शिक्षा विभाग में दे रहे थे सेवाएं

दयानंद टम्टा वर्ष 2005 से जीआईसी भटखोला में कार्यरत थे। पिछले लगभग तीन वर्षों से वह प्रभारी प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, 24 वर्षीय बेटा और 20 वर्षीय बेटी हैं। दोनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- हल्द्वानी के प्रतिष्ठित स्कूल के शिक्षिका झील में कूदी, युवाओं ने बचाई जान

 

 

अस्पताल में जुटे शिक्षक और परिजन

घटना की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में शिक्षक संघ के पदाधिकारी, स्थानीय ग्रामीण और परिजन बड़ी संख्या में पहुंच गए। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि गिरफ्तारी से पहले पोस्टमॉर्टम नहीं होने दिया जाएगा। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

 

 

पुलिस जुटी जांच में

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।