नैनीताल में बदला मौसम का मिजाज, वीकेंड पर बारिश-बर्फबारी के आसार, सैलानियों की बढ़ी आमद

नैनीताल न्यूज़- उत्तराखंड में शुक्रवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आया। हल्द्वानी में सुबह से बादल छाए रहे, जबकि पहाड़ी इलाकों में धूप खिली रही। सरोवर नगरी नैनीताल में गुरुवार को पूरे दिन खुशनुमा मौसम के बीच तेज धूप देखने को मिली, हालांकि शाम की ठंड अब भी बरकरार है। तीन दिन बाद मौसम में सुधार होने से लोगों और पर्यटकों ने राहत महसूस की।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन शनिवार से बदलाव शुरू हो जाएगा। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार से मौसम पूरी तरह बदल सकता है। इस दौरान नैनीताल सहित पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार तक रहने की संभावना है।
जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं आर्द्रता अधिकतम 80 प्रतिशत और न्यूनतम 65 प्रतिशत रही।
बर्फबारी के शौकीन पर्यटकों का नैनीताल पहुंचना लगातार जारी है, जिससे नगर में चहल-पहल बनी हुई है। पर्यटन स्थलों पर पूरे दिन सैलानियों की आवाजाही देखने को मिली। माल रोड के पर्यटन व्यवसायी राज कुंवर के अनुसार वीकेंड को देखते हुए शुक्रवार से पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी की उम्मीद है।








