देहरादून में पैसों के हिसाब के बहाने बुलाकर दो सगे भाइयों पर तलवार से जानलेवा हमला, हाथ कटे; तीन के खिलाफ मुकदमा

देहरादून न्यूज़- शहर कोतवाली क्षेत्र के पार्क रोड पर पैसों के हिसाब-किताब के बहाने बुलाए गए दो सगे भाइयों पर तीन लोगों ने तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक का हाथ करीब 90 प्रतिशत तक शरीर से अलग हो गया, जबकि दूसरे की कोहनी बुरी तरह टूटने के साथ हाथ कट गया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पैसों के हिसाब के लिए घर के पास बुलाया था
जानकारी के मुताबिक कार्तिक मेहता और रितिक मेहता सगे भाई हैं और अपना बिजनेस करते हैं। बताया जा रहा है कि जिन तीन लोगों पर हमला करने का आरोप है, उनके बिजनेस को सेटअप करने में भी दोनों भाइयों ने मदद की थी। 13 अगस्त की रात तीनों आरोपियों ने पैसों के हिसाब-किताब के लिए दोनों भाइयों को अपने घर के पास पार्क रोड पर बुलाया था।
एफआईआर के मुताबिक रात करीब 12 बजे रितिक और कार्तिक वहां पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान जसप्रताप सिंह, हरदयाल सिंह और वंश राठी वहां आए और दोनों भाइयों पर तलवार से हमला कर दिया।
सिर पर किया वार, हाथ आगे करने पर कटे
आरोप है कि हमलावरों ने दोनों युवकों के सिर पर तलवार से वार किया। जान बचाने के लिए दोनों भाइयों ने अपने हाथ आगे कर दिए, जिसके चलते तलवार के वार उनके हाथों पर लगे और वे बुरी तरह घायल हो गए।
हमले में कार्तिक मेहता के बाएं हाथ पर तलवार लगी। इससे उसका हाथ करीब 90 प्रतिशत तक शरीर से अलग हो गया। वहीं रितिक मेहता ने सिर बचाने के लिए हाथ आगे किया तो उसकी कोहनी बुरी तरह टूट गई और हाथ भी कट गया।
दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावरों ने उनकी पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों भाइयों को हमलावरों से बचाया।
दोस्त ने पुलिस को दी तहरीर
घटना के दौरान दोनों भाइयों के दोस्त कुलविंदर सिंह भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने घटना की शिकायत शहर कोतवाली पुलिस से की।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए दून अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन और उनके साथी दोनों घायलों को मसूरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है।
तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कुलविंदर सिंह की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने जसप्रताप सिंह, हरदयाल सिंह और वंश राठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक/वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुशल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








