नैनीझील में नौकायन के दौरान महिला ने लगाई झील में छलांग, नाव चालकों व पुलिस ने बचाई जान

नैनीताल न्यूज़- नैनीझील में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नौकायन कर रही एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला ने अचानक बीच झील में छलांग लगा दी। महिला को झील में कूदता देख नाव चालक के हाथ-पांव फूल गए। आसपास नौकायन कर रहे अन्य नाव चालकों और पुलिस की तत्परता से महिला की जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार नैना गांव निवासी विनीता कोहली रविवार सुबह तल्लीताल से नौकायन के लिए नाव किराये पर लेकर झील में उतरी थीं। नौका चालक महिला को झील में घुमा ही रहा था कि पाषाण देवी मंदिर के समीप महिला ने अचानक झील में छलांग लगा दी। घटना को देखकर नाव चालक घबरा गया और तत्काल अन्य नाव चालकों से मदद मांगी।
मौके पर पहुंचे नाव चालकों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाव चालकों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला को झील से बाहर निकालकर सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया गया।
झील से बाहर निकालने के बाद महिला ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने महिला को शांत कराने के बाद उसके स्वजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पति के सुपुर्द महिला को कर दिया गया।
तल्लीताल चौकी के एसआई दीपक कार्की ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और फिलहाल उसे उसके पति के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया है। समय रहते नाव चालकों और पुलिस की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।








