उत्तराखंड- STF के शिकंजे में वन्यजीव तस्कर, डेढ़ करोड़ के हाथी दांत के साथ 2 गिरफ्तार

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 किलो 820 ग्राम वजनी हाथी दांत बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर राज्य में वन्यजीव तस्करी और वन्यजीव अंगों की अवैध खरीद-फरोख्त पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसएसपी STF अजय सिंह के नेतृत्व में STF की कुमाऊं यूनिट को सितारगंज क्षेत्र में हाथी दांत की तस्करी की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर STF ने स्थानीय स्तर पर जांच और निगरानी शुरू की। बीती रात बराकोली वन रेंज, कल्याणपुर, सितारगंज क्षेत्र में STF और वन विभाग की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 3 फीट 3 इंच लंबा और 13 इंच गोलाई वाला हाथी दांत बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मरतुन्जय हलदार पुत्र सुकुमार हलदार निवासी गुरुग्राम, शक्तिफार्म थाना सितारगंज (उम्र 32 वर्ष) और माणिक मंडल पुत्र स्व. निर्मल मंडल निवासी गुरुग्राम, शक्तिफार्म थाना सितारगंज (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है। टीम ने मौके से बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल UK 06 AP 0178 भी बरामद की है।
एसएसपी STF अजय सिंह ने बताया कि हाथी दांत और हाथियों के अंग वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल हैं और इनकी तस्करी गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। आरोपियों के खिलाफ बराकोली रेंज में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि पूछताछ के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
STF ने आम जनता से अपील की है कि वन्यजीव तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या STF उत्तराखंड को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।








