उत्तराखंड में ठंड का यलो अलर्ट: घना कोहरा, शीत दिवस से जनजीवन प्रभावित; रेल-हवाई सेवाएं बाधित

उत्तराखंड में ठंड ने एक बार फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आज यानी 27 दिसंबर को प्रदेश के 6 जिलों में शीत दिवस को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत, देहरादून और पौड़ी के निचले इलाकों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जबकि अन्य क्षेत्रों में बादल छाए रहने से ठंड का असर और बढ़ गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कोहरे की वजह से पर्वतीय इलाकों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी सूखी ठंड परेशान कर रही है। हालांकि 29 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 30 और 31 दिसंबर तथा 1 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। इसके अलावा 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है।
आईएमडी के मुताबिक, देहरादून में न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि मैदानी जिलों में रात का तापमान इससे भी नीचे जा सकता है। देहरादून समेत ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार में घने कोहरे और शीत दिवस जैसी स्थिति से जनजीवन खासा प्रभावित रहा। सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, हालांकि दिन में कुछ समय के लिए धूप निकलने से आंशिक राहत जरूर मिली। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा और चटख धूप खिलने से तापमान सामान्य से कुछ अधिक दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
- देहरादून: अधिकतम 21.9 | न्यूनतम 8.2
- पंतनगर: अधिकतम 20.2 | न्यूनतम 8.0
- मुक्तेश्वर: अधिकतम 15.6 | न्यूनतम 5.4
- टिहरी: अधिकतम 14.2 | न्यूनतम 4.6
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है, लेकिन मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। इसी को देखते हुए शीत दिवस को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रेल यात्रियों की बढ़ी परेशानी
घने कोहरे और शीतलहर के चलते रेलवे संचालन भी प्रभावित रहा। लक्सर से गुजरने वाली कामाख्या-आनंद विहार टर्मिनल, जम्मूतवी-तिरुपति और हमसफर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं। इसके अलावा अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर और जनसेवा एक्सप्रेस दोनों ओर से निरस्त रहीं।
वहीं 11 ट्रेनें 4 से 11 घंटे की देरी से लक्सर स्टेशन पहुंचीं, जबकि 12 ट्रेनें 1 से 3 घंटे देरी से आईं। हावड़ा से देहरादून आने वाली उपासना एक्सप्रेस भी करीब छह घंटे की देरी से रात 12 बजे दून पहुंची।
पंतनगर एयरपोर्ट पर उड़ान रद्द
कम दृश्यता का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। दिल्ली से पंतनगर आने वाली इंडिगो की दूसरी उड़ान शुक्रवार को रद्द कर दी गई। यह फ्लाइट दोपहर 1:05 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर दो बजे पंतनगर पहुंचने वाली थी, लेकिन घने कोहरे के कारण इसे निरस्त करना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी।
कोहरे के कारण सड़क हादसा
सड़क यातायात भी कोहरे से प्रभावित हुआ है। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। रॉयल्टी टीम द्वारा खनन वाहनों की चेकिंग के दौरान अचानक ब्रेक लगने से पीछे से आ रहा वाहन खड़े ट्रक से टकरा गया।
हादसे में बरेली निवासी 21 वर्षीय चालक शोएब पुत्र मो. शाह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि परिचालक मुशर्रफ को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने में पुलिस और प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मौसम विभाग ने लोगों को घने कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय धीमी गति और फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी है।








