उत्तराखण्डगढ़वाल,

देहरादून में बीच सड़क कार खड़ी कर हरियाणा के युवक ने लगाया जाम, पुलिस को चाकू दिखाया; 6 जवानों ने घेरकर दबोचा

हरियाणा निवासी युवक नशे में मिला, एल्कोमीटर टेस्ट में पुष्टि; मानसिक तनाव में होने की भी बात आई सामने

देहरादून न्यूज़- राजधानी देहरादून के जाखन क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरियाणा के एक युवक ने बीच सड़क पर अपनी कार खड़ी कर दी। सड़क पर वाहन खड़ा होने से लंबा जाम लग गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने युवक को गाड़ी हटाने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों से ही अभद्रता शुरू कर दी और चाकू दिखाकर डराने की कोशिश की।

 

घटना 24 मई की शाम जाखन के जोहड़ी तिराहे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार हरियाणा के भिवानी निवासी विनय अपनी हुंडई वरना कार (HR 16AC 7177) लेकर देहरादून आया था। उसने कार को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून- 17 फरवरी से बदलेगा मौसम का मिजाज, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार

 

मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने जब युवक से वाहन हटाने को कहा तो वह भड़क गया। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करते हुए सब्जी काटने वाला चाकू निकाल लिया और उन्हें धमकाने लगा। युवक के हाथ में चाकू देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सतर्क हो गए और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

 

 

सूचना पर जाखन चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद करीब छह पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर युवक को काबू में लिया और गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Forest Fire: सीएम धामी ने की बैठक, लापरवाही पर 17 कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही, 11 कर्मचारियों को किया निलंबित

 

पुलिस ने आरोपी का एल्कोमीटर टेस्ट कराया, जिसमें उसके अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया।

 

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पत्नी हाल ही में रायपुर स्थित अपने मायके आई हुई थी और विनय भी अपनी ससुराल पहुंचा था। आरोपी की पत्नी ने पुलिस को बताया कि विनय वर्ष 2021 से मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रहा है तथा दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ पड़ा ईडी का छापा, NH-74 घोटाले के आरोपी को हिरासत में लेकर गए देहरादून, पढ़े पूरी खबर।

 

सीओ नितिन लोहानी ने बताया कि आरोपी के पास से एक चाकू बरामद किया गया है। सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग, यातायात बाधित करने और नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की गई है। साथ ही आरोपी के मेडिकल इतिहास और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।