कैंची धाम जाने से पहले पढ़ लें ये खबर! 17-18 अक्टूबर को ट्रैफिक प्लान लागू, इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन

नैनीताल न्यूज़- कैंची धाम में वीकेंड के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर के लिए विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है। भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, निजी वाहनों से कैंची धाम आने वाले पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने होंगे। यहां से श्रद्धालु शटल सेवा के जरिए मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर रोक
पुलिस के अनुसार, 17 और 18 अक्टूबर को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा, सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए निर्धारित रूट व्यवस्था लागू रहेगी।
इन रूटों से गुजरेंगे वाहन
1. अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: इन वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
2. रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन: ये वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते जाएंगे।
3. हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहन: अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा।
4. काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना जाने वाले वाहन: इन वाहनों के लिए सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग निर्धारित किया गया है।
कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
पुलिस ने कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
- भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटक: बाहरी जिलों और राज्यों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों को विकास भवन, भीमताल की पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। यहां से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने के लिए शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
- गेठिया और नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटक: इस मार्ग से कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। यहां से मंदिर तक जाने के लिए शटल सेवा की व्यवस्था रहेगी।
टैक्सी और दोपहिया वाहनों को लेकर भी प्रतिबंध
पुलिस के मुताबिक, वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी तथा दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यातायात के दबाव को कम करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
पुलिस ने की अपील
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि कैंची धाम और नैनीताल की यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट, डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि वीकेंड के दौरान जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।










