उत्तराखण्डकुमाऊं,

लद्दाख में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पिथौरागढ़ के निरीक्षक विनीत चंद रजवार, सैन्य सम्मान के साथ हुई अंत्येष्टि

पिथौरागढ़ न्यूज़– भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में तैनात निरीक्षक (मेडिकल) विनीत चंद रजवार लद्दाख में ड्यूटी के दौरान चीन सीमा पर देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए। उनके शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

 

 

आईटीबीपी की 16वीं बटालियन में तैनात बलिदानी विनीत चंद रजवार मूल रूप से सेरी सुवालेख (पिथौरागढ़) के निवासी थे और वर्तमान में जगदंबा कॉलोनी, पिथौरागढ़ नगर में रहते थे। ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से उनका निधन हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ रविदास धाम ट्रस्ट अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, योगेश प्रमुख गंभीर रूप से घायल, वीडियो शामिल

 

 

शहीद का पार्थिव शरीर लद्दाख से विशेष विमान द्वारा दिल्ली लाया गया, जहां से सड़क मार्ग से उनके पिथौरागढ़ स्थित आवास तक पहुंचाया गया। पार्थिव शरीर के घर पहुंचते ही परिवार और आसपास के क्षेत्र में कोहराम मच गया।

 

 

पूर्व सभासद एवं सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश सौन ने स्वजनों को ढांढस बंधाया और पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कार्मिक संगठन के अध्यक्ष छवि वर्मा, संरक्षक जगत सिंह सौन, और सीनियर सिटिजन वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों सहित कई लोगों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की कार्यवाही, 300 पाउच कच्ची शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

 

 

बलिदानी विनीत चंद रजवार का परिवार सैन्य परंपरा वाला परिवार है। उनके बड़े दादा स्व. सूबेदार चंद्री चंद वीर चक्र विजेता रह चुके हैं, जबकि दादा स्व. नायब सूबेदार भानी चंद को सेना मेडल प्राप्त हुआ था। बलिदानी के पिता इंद्र चंद रजवार सेवानिवृत्त डिप्टी कमांडेंट हैं।

 

 

रामेश्वर घाट (सरयू-रामगंगा संगम) पर पिता इंद्र चंद रजवार और चाचा सूबेदार महेंद्र चंद ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा के दौरान सब इंस्पेक्टर कुंवर सिंह के नेतृत्व में पार्थिव शरीर को घर से घाट तक पहुंचाया गया। घाट पर 14वीं बटालियन आईटीबीपी के निरीक्षक गिरीश चंद के नेतृत्व में वीर सपूत को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी- वीकेंड के दौरान हल्द्वानी-काठगोदाम का जारी हुआ यातायात / डायवर्जन प्लान

 

 

वीर विनीत चंद रजवार की शहादत ने न केवल पिथौरागढ़, बल्कि पूरे उत्तराखंड को गर्व और शोक दोनों से भर दिया है।