हल्द्वानी में हाईवे किनारे मिला युवक का शव, मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने दी पुलिस को सूचना; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

हल्द्वानी न्यूज़- मुखानी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कमलुवागांजा रोड पर सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने युवक को बेसुध हालत में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
मृतक की पहचान हरिपुर नायक स्थित इन्द्रपुरम कॉलोनी निवासी दीपक भट्ट के रूप में हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच हत्या और सड़क हादसा, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने के बाद मुखानी थानाध्यक्ष सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक सड़क किनारे कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। इसके अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस हत्या की आशंका समेत सड़क दुर्घटना के एंगल से भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, CCTV फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।







