देहरादून पॉलिटेक्निक मारपीट कांड: शिक्षकों से अभद्रता करने वाला दारोगा निलंबित, एसएसपी ने की बड़ी कार्यवाही

देहरादून न्यूज़- राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान पित्थूवाला में शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ मारपीट एवं अभद्रता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दारोगा (दूरसंचार) महेश कंडवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, 5 जून को महेश कंडवाल अपने कुछ परिचितों के साथ जबरन संस्थान परिसर में घुस गए थे। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, थप्पड़ मारे और कुर्सियां उठाकर हमला किया। घटना के बाद शिक्षण संस्थान में हड़कंप मच गया था।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि दारोगा ने अपने पद की गरिमा के विपरीत आचरण करते हुए शिक्षकों के साथ मारपीट की और उनके सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में पकड़े गए छात्र के समर्थन में उसके पिता महेश कंडवाल अगले दिन अपने परिचितों के साथ कॉलेज पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना हुई।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं मारपीट की घटना में एसटीएफ के एक अन्य दारोगा का नाम भी सामने आया है, जिसकी रिपोर्ट एसटीएफ उत्तराखंड को भेज दी गई है।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने छात्र और उसके दारोगा पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दूसरी ओर, दारोगा की शिकायत पर चार शिक्षकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।







