हल्द्वानी- संवाद और सहयोग से संस्था मजबूत बनेगी : मंजुल सनवाल

हल्द्वानी न्यूज़– कुमाऊं मंडल विकास निगम संयुक्त कर्मचारी महासंघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने निगम मुख्यालय नैनीताल में प्रबंध निदेशक विनोद तोमर और महाप्रबंधक विजय नाथ शुक्ला से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन और प्रबंधन के बीच सकारात्मक संवाद का माहौल देखने को मिला।
भेंट के दौरान महासंघ के अध्यक्ष मंजुल सनवाल, महामंत्री रमेश पंत और सचिव प्रकाश कबडवाल उपस्थित रहे। बैठक में निगम की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की समस्याओं और संगठनात्मक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों और महासंघ प्रतिनिधियों ने आपसी संवाद के माध्यम से कार्यस्थल को अधिक सहयोगात्मक और सकारात्मक बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
महासंघ के अध्यक्ष मंजुल सनवाल ने कहा कि संवाद और सहयोग से ही संस्था मजबूत बनती है। उन्होंने कहा कि महासंघ का उद्देश्य केवल कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि निगम की कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना भी है।
महामंत्री रमेश पंत ने कहा कि कर्मचारियों की एकता और जागरूकता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। वहीं सचिव प्रकाश कबडवाल ने कहा कि सभी कर्मचारी मिलजुलकर निगम को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भेंट के अंत में प्रबंध निदेशक विनोद तोमर और महाप्रबंधक विजय नाथ शुक्ला ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और भविष्य में बेहतर सहयोग एवं तालमेल का आश्वासन दिया।






