उत्तराखण्डकुमाऊं,

रानीखेत में अग्निवीर की तैयारी कर रहे युवक की गला रेतकर हत्या, बचाने आई बुआ-दादी पर भी जानलेवा हमला; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए अपनी बुआ के घर रह रहे 19 वर्षीय युवक की घर में घुसकर गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक को बचाने पहुंचीं उसकी बुआ और दादी पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

 

अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए आया था सागर

मेरठ निवासी 19 वर्षीय सागर सिंह कुछ दिन पहले अल्मोड़ा जिले के रानीखेत तहसील के द्वाराहाट ब्लॉक स्थित ऐना गांव में अपनी बुआ जानकी देवी के घर आया था। वह रानीखेत में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती की दौड़ की तैयारी कर रहा था और इसी उद्देश्य से गांव में रह रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- केंद्र ने दी प्रदेश के इन जिलों में दो नए शहर बसाने की मंजूरी, प्रस्तावित स्थानों के निरीक्षण के लिए आएगी केंद्र की टीम।

 

 

घर में घुसकर की बेरहमी से हत्या

शुक्रवार शाम करीब 7:50 बजे गांव निवासी जगत सिंह बौरा कथित तौर पर घर में घुस आया। उस समय घर का एक सदस्य हल्द्वानी अस्पताल में परिजन की देखभाल के लिए गया हुआ था। आरोप है कि आरोपी ने सागर सिंह पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए, उसका गला रेत दिया और हथौड़े से सिर पर हमला किया। एफआईआर के अनुसार, आरोपी ने सागर के सीने पर भी कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

बचाने आईं बुआ और दादी भी गंभीर घायल

सागर की चीखें सुनकर उसकी बुआ जानकी देवी और दादी शोभा देवी उसे बचाने दौड़ीं। आरोपी ने दोनों पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में जानकी देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि शोभा देवी के गले पर गहरा घाव हुआ। दोनों को पहले रानीखेत अस्पताल ले जाया गया, जहां से शोभा देवी को गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ साइबर ठगी पर दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच युवक हिरासत में लेकर दिल्ली रवाना

 

 

घायल बुआ ने बताया आरोपी का नाम

घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शिकायतकर्ता अशोक ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी जगत सिंह बौरा को हाथ में चाकू लेकर घटनास्थल से भागते देखा। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी अस्पताल भी पहुंचा था। देर रात होश में आने पर घायल जानकी देवी ने भी पुलिस के सामने आरोपी का नाम लिया। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।

 

 

ग्रामीणों का प्रदर्शन, आरोपी गिरफ्तार

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद आसपास के कई गांवों के ग्रामीण आक्रोशित हो गए और कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी जगत सिंह बौरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं-बिंदुखत्ता में आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही, 962 पाउच कच्ची शराब बरामद; तीन तस्कर गिरफ्तार

 

 

दूसरे युवक की भूमिका और पुराने मामले की भी जांच

पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटा लिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस हत्याकांड में एक अन्य युवक की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही 6 जुलाई को बबीता पर हुए कथित गुलदार हमले की भी दोबारा जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह वास्तव में वन्यजीव का हमला था या किसी साजिश का हिस्सा।

 

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।