मिशन 2027: जीत की हैट्रिक के लिए भाजपा का बड़ा प्लान, टिकट से पहले बूथ-बूथ से जुटेगा फीडबैक

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लक्ष्य के साथ पार्टी अब उम्मीदवारों के चयन के लिए बूथ स्तर पर फीडबैक जुटाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत टिकट के दावेदारों की जमीनी पकड़ और लोकप्रियता का आकलन करने के लिए प्रदेश के प्रत्येक बूथ से राय ली जाएगी।
हरिद्वार में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा के दौरान इस योजना को अंतिम रूप दिया गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, टिकट के दावेदारों की स्थिति जानने के लिए अलग-अलग स्तर पर सर्वे और रायशुमारी कराई जा रही है। अब इस प्रक्रिया को बूथ स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया गया है।
हर बूथ से तीन लोगों की ली जाएगी राय
भाजपा की नई रणनीति के तहत प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर तीन लोगों से टिकट के दावेदारों को लेकर फीडबैक लिया जाएगा। इन लोगों से दावेदारों की लोकप्रियता, क्षेत्र में सक्रियता और जनता के बीच उनकी स्थिति को लेकर राय मांगी जाएगी। प्राप्त सुझावों और फीडबैक का विश्लेषण करने के बाद उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में इसका इस्तेमाल किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए पार्टी कई स्तरों पर रणनीति बनाकर काम कर रही है। उम्मीदवारों के चयन में बूथ स्तर से राय लेने का उद्देश्य सबसे मजबूत दावेदारों की पहचान करना है। इससे टिकट वितरण के दौरान जमीनी फीडबैक को भी महत्व दिया जा सकेगा।
10 दिसंबर से शुरू होगा बूथ विजय अभियान
चुनावी तैयारियों के साथ भाजपा संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए भी अभियान चलाने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 9 दिसंबर को अल्मोड़ा पहुंचेंगे। यहां वह भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद 10 दिसंबर को वह पार्टी के ‘बूथ विजय अभियान’ का शुभारंभ करेंगे और शक्ति केंद्र सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के अनुसार, बूथ विजय अभियान 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के घर पर उनके नाम की पट्टिका लगाई जाएगी और भाजपा का झंडा भी लगाया जाएगा। इसके जरिए बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में होंगी कोर कमेटी की बैठकें
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक बैठकों का कार्यक्रम भी तय किया है। 5 से 10 दिसंबर के बीच प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर कोर कमेटी की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में स्थानीय स्तर पर चुनाव प्रबंधन, संगठन की तैयारियों और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी।
भाजपा की इस रणनीति से साफ है कि पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले ही टिकट चयन से लेकर बूथ प्रबंधन तक की तैयारियों को गति देना चाहती है। अब टिकट के दावेदारों को लेकर बूथ स्तर से मिलने वाला फीडबैक भी उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया का अहम हिस्सा होगा।










