उत्तराखण्डकुमाऊं,

RTO ऑफिस के बाहर चल रहा था वसूली का खेल! STF ने दो को दबोचा, 75 RC और 7 DL बरामद

उत्तराखंड के रुद्रपुर में आरटीओ कार्यालय से जुड़े काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अपनी निजी गाड़ियों में बैठकर आरटीओ से संबंधित काम कराने के नाम पर लोगों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे थे।

 

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), 7 ड्राइविंग लाइसेंस (DL) और 19 फॉर्म-30 समेत बड़ी संख्या में वाहन संबंधी दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा लैपटॉप, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

 

 

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के पास जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के नजदीक दो अलग-अलग वाहनों में कुछ लोग बैठकर वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर लोगों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक पैसे वसूल रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून-(बड़ी खबर) स्कूलों की छुट्टी के बीच 10वीं और 12वीं बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए शिक्षा महानिदेशक ने जारी किया यह आदेश

 

 

सूचना मिलने पर एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों की घेराबंदी की और तलाशी ली। इस दौरान एक वाहन में मौजूद व्यक्ति की पहचान प्रवीण बाछाड़ पुत्र विकास बाछाड़, निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई। वहीं दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम कर रहे व्यक्ति की पहचान पंकज कांति सेन पुत्र स्वर्गीय स्वदेश कांति सेन, निवासी वार्ड नंबर-03, ट्रांजिट कैम्प, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई।

 

 

सरकारी फीस से ज्यादा वसूलते थे रकम

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आरटीओ कार्यालय से संबंधित काम कराने के लिए वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। आरोप है कि वे लोगों को सरकारी शुल्क की सही जानकारी नहीं देते थे और निर्धारित फीस से अधिक रकम वसूलते थे। दोनों अपनी गाड़ियों में लैपटॉप और प्रिंटर रखकर दस्तावेज तैयार कराने का काम कर रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  हरेला के दिन परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, लालकुआं में तेज रफ्तार दूध के कैंटर की चपेट में आने से पूर्व सैनिक की मौत

 

 

पूछताछ में कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को देने की बात भी सामने आई है। एसटीएफ इस पहलू की जांच कर रही है।

 

 

75 RC, 7 DL और 19 फॉर्म-30 बरामद

संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, 7 ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 बरामद किए हैं। फॉर्म-30 के साथ आरसी, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले हैं।

 

 

इसके अलावा एक लैपटॉप, एक प्रिंटर, एक माउस, लैपटॉप एडॉप्टर, इंटरनेट डिवाइस और कथित अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल- जिले में स्थित राजीव गांधी नवोदय आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं के चलते 106 बच्चों को अभिभावक ले गए घर, कर्मचारियों का अभाव, व्यवस्थाएं नहीं हुई ठीक

 

 

नेटवर्क खंगाल रही एसटीएफ

एसटीएफ बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि में आरोपियों के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अब तक कितने वाहन स्वामियों से अतिरिक्त रकम वसूली गई है।

 

 

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपील की है कि आरटीओ समेत किसी भी सरकारी कार्यालय से संबंधित काम अधिकृत माध्यमों से ही कराएं। किसी अनजान या अनधिकृत व्यक्ति को अतिरिक्त पैसे न दें और अपने जरूरी दस्तावेज भी अपरिचित लोगों को सौंपने से बचें।

 

 

सरकारी काम के नाम पर धोखाधड़ी या अवैध वसूली की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। एसटीएफ ने इसके लिए मोबाइल नंबर 9412029536 जारी किया है।