उत्तराखण्डकुमाऊं,

क्रिसमस–न्यू ईयर पर जाम से राहत की तैयारी: 22 दिसंबर से हल्द्वानी–नैनीताल रूट पर लागू होगा डायवर्जन प्लान, वाहनों पर लगाए जाएंगे पर्यटन स्थल के स्टीकर

हल्द्वानी न्यूज़– क्रिसमस से नए साल के जश्न तक हर वर्ष हल्द्वानी से नैनीताल तक यातायात का दबाव बढ़ जाता है, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। इस बार पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत 22 दिसंबर से जिलेभर में डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।

 

 

पुलिस अब जिले की सीमाओं और प्रमुख बैरियरों पर पर्यटकों के वाहनों को रोककर उनसे गंतव्य की जानकारी लेगी। इसके बाद संबंधित पर्यटन स्थल का स्टीकर वाहन पर चस्पा कर उसे आगे रवाना किया जाएगा, ताकि अनावश्यक भीड़ और जाम से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  Uniform Civil Code में मैरिज रजिस्‍ट्रेशन की प्रक्रिया हुई आसान, अब अपलोड नहीं करना होगा ये डॉक्‍यूमेंट

 

 

बुधवार को पुलिस बहुद्देश्यीय भवन में एसएसपी मंजुनाथ टीसी की अध्यक्षता में पर्यटक सीजन को लेकर जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जाम की समस्या से निपटने के लिए सुझाव लिए गए और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्रिसमस से पहले ही नैनीताल, भीमताल, भवाली, मुक्तेश्वर और रामनगर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगती है, जबकि नववर्ष के पहले सप्ताह तक यातायात का दबाव बना रहता है।

 

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि 22 दिसंबर की रात से यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती के साथ हल्द्वानी, लालकुआं, भवाली और रामनगर में डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। इसके अलावा जिले की सीमाओं और मुख्य बैरियरों पर डायवर्जन संबंधी जानकारी देने वाले फ्लैक्स लगाए जाएंगे। नया गांव, सुभाषनगर, तीनपानी, कुंवरपुर, चोरगलिया, भीमताल तिराहा, रूसी बैंड सहित अन्य प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में चौकीदार भर्ती 2026: 2364 पदों के लिए 48,834 आवेदन, एक पद पर 20 से ज्यादा दावेदार

 

 

एसएसपी ने निर्देश दिए कि जाम की आशंका वाले क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में यातायात संचालन किया जाए। नैनीताल में पार्किंग फुल होने की स्थिति में शटल सेवा समय से शुरू कर दी जाएगी, वहीं कैंची धाम क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने के लिए भवाली सेनिटोरियम से शटल सेवा संचालित होगी।

 

 

बैठक में एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित सैनी, सुमित पांडे, रविकांत सेमवाल, सीएफओ गौरव किरार, एलआईयू निरीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा समेत सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें 👉  UKPSC SI Admit Card Out: उत्तराखंड एसआई परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी, ऐसे करें डाउनलोड

 

 

जाम से निपटने का प्लान:

हर बैरियर और प्रमुख स्थानों पर दारोगा रैंक के पुलिसकर्मी की तैनाती।

दो शिफ्ट में ड्यूटी व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर एसओ और प्रभारी तैनात।

नैनीताल में पार्किंग फुल होने से पहले शटल सेवा का संचालन।

कैंची धाम क्षेत्र में भवाली सेनिटोरियम से शटल सेवा।

गडप्पू सहित अन्य प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल।

मोबाइल टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर जाम मुक्त यातायात में सहयोग करेंगी।

डायवर्जन प्लान, पार्किंग, शटल सेवा और बैरियरों की व्यापक प्रचार-प्रसार व्यवस्था।