उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी: 7 जिलों में आज येलो अलर्ट, 173 सड़कें बंद, अगले तीन दिन भी राहत के आसार नहीं

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार से प्रदेशभर में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, कुमाऊं मंडल के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। वहीं, गढ़वाल मंडल के कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी भी जारी की गई है।
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
लगातार हो रही बारिश का असर प्रदेश की सड़क व्यवस्था पर भी पड़ा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार, राज्यभर में कुल 173 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे अधिक पौड़ी गढ़वाल में 27 और देहरादून में 23 मुख्य एवं ग्रामीण मार्ग मलबा आने के कारण बाधित हैं। संबंधित विभाग सड़कें खोलने के कार्य में जुटे हुए हैं।
वहीं, उत्तरकाशी के हर्षिल क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते भागीरथी (गंगा) नदी का जलस्तर बढ़ गया है। रुद्रप्रयाग जिले में अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां भी उफान पर बह रही हैं, जिससे नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
12 जुलाई: राज्य के अधिकांश जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बौछारों की संभावना।
13 जुलाई: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
14 जुलाई: राज्य के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने तथा नदी-नालों के किनारे जाने से बचने की सलाह दी है।








