भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में हरेला पर पौधरोपण, 51 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य

देहरादून न्यूज़- हरेला पर्व के अवसर पर भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में खनिज भवन स्थित निदेशालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर निदेशक राजपाल लेघा ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश के सभी जिला खान अधिकारियों से हरेला पर्व के अवसर पर अपने-अपने जनपदों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित करने को कहा। उन्होंने बताया कि विभाग ने इस वर्ष प्रदेशभर में करीब 51 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे राज्य के हरित आवरण में वृद्धि होगी और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार, रसायनज्ञ हेतराम, सहायक रसायनज्ञ शीशपाल, भू-रसायनज्ञ मदन किशोर बहुगुणा, जिला खान अधिकारी देहरादून ऐश्वर्य शाह, खान निरीक्षक काज़िम रज़ा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एच.डी. चमोली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानन्द खण्डूड़ी एवं रविन्द्र बिष्ट, वैयक्तिक सहायक बरखा पुनेठा, राजेन्द्र सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
निदेशक राजपाल लेघा ने कहा कि भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के सतत विकास और जन-जागरूकता के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर संचालित करता रहेगा।








