उत्तराखंड में भारी बारिश पर सरकार अलर्ट, मुख्यमंत्री धामी ने संभाली कमान; राहत-बचाव में देरी नहीं करने के सख्त निर्देश

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार तड़के ही आपदा प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आपदा प्रबंधन सचिव से प्रदेशभर की जानकारी ली और सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे सतर्क रहकर कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कहा कि आपदा की किसी भी स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में एक पल की भी देरी नहीं होनी चाहिए। किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रभावित क्षेत्रों तक हर संभव मदद जल्द से जल्द पहुंचाई जाए।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर हालात की निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा और भूस्खलन से बाधित सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द खोलने के लिए जेसीबी, पोकलेन, डोजर समेत सभी आवश्यक मशीनरी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने को कहा, ताकि आवागमन सामान्य रहे और राहत एवं बचाव कार्यों में कोई बाधा न आए।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि यदि कहीं बिजली, पेयजल या संचार सेवाएं बाधित होती हैं तो संबंधित विभाग तत्काल उन्हें बहाल करें। इसके अलावा हेली सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर दुर्गम और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा सके।
चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी मार्ग पर भारी बारिश या भूस्खलन का खतरा हो तो यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और हर परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।








