उत्तराखंड- यहाँ फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान; कई घंटे बाद भी नहीं पाया जा सका काबू

काशीपुर न्यूज़- उधम सिंह नगर जनपद के आईटीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआखेड़ागंज नंद नगर इंडस्ट्रियल एस्टेट फेस-1 में स्थित डेकोर पेंटिंग टूल्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा।
सूचना मिलते ही काशीपुर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। दोपहर में लगी आग देर शाम तक लगातार धधकती रही और घंटों की मशक्कत के बावजूद उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से फैक्ट्री में रखा कच्चा माल, मशीनें और तैयार उत्पाद जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटनास्थल पर काला धुआं और उठती ऊंची लपटें लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर रही थीं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उधम सिंह नगर के चीफ फायर ऑफिसर ईशान कटारिया ने बताया कि आग की तीव्रता काफी अधिक है, जिस कारण उसे नियंत्रित करने में समय लग रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद कारणों की जांच की जाएगी।








