उत्तराखंड- यहाँ तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार जीजा-साले को कुचला, मौके पर ही दोनों की मौत

हरिद्वार जिले में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने नहर पटरी मार्ग पर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे।
हादसा रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तांशीपुर पिकेट के पास नहर पटरी मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिसके चलते वाहन चालक को बाइक सवार दिखाई नहीं दिए और टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिना नंबर की थी बाइक
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक बिना नंबर की बाइक से नहर पटरी मार्ग के रास्ते रुड़की की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तांशीपुर पिकेट के पास एक कंपनी के नजदीक पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान
हादसे में मृतकों की पहचान 40 वर्षीय लाल सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड के पद पर तैनात थे और मुजफ्फरनगर जिले के बिजोपुरा गांव के निवासी थे। दूसरे मृतक उनके 35 वर्षीय साले अमरीश थे, जो थाना छपार क्षेत्र के स्मृति गांव के रहने वाले थे।
हरिद्वार से लौट रहे थे मुजफ्फरनगर
जानकारी के मुताबिक, दोनों माघ पूर्णिमा के अवसर पर हरिद्वार आए थे और स्नान के बाद वापस मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव
मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।








