उत्तराखंड- यहाँ सरकारी कार्यक्रम में युवक का आत्मदाह का प्रयास, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)- मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने आत्मदाह की कोशिश कर दी। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया। युवक को तत्काल पकड़कर उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली गई।
घटना गदरपुर स्थित नगर पालिका पार्किंग परिसर में आयोजित ‘जन जन की सरकार, जन जन के द्वार’ कार्यक्रम की है। कार्यक्रम के बीच बराखेड़ा निवासी सोनू भारद्वाज, जो बाजार में चाय बेचने का काम करते हैं, पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचे और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें काबू में कर लिया।
चोरी की घटना से नाराज था युवक
जानकारी के अनुसार, सोनू भारद्वाज ने आरोप लगाया कि करीब चार महीने पहले साप्ताहिक बाजार में उनकी पत्नी का पर्स चोरी हो गया था। पर्स में मोबाइल फोन और लगभग 10 हजार रुपये नकद थे। उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वह आक्रोशित थे।
अधिकारियों से लगाई गुहार, नहीं मिला समाधान
सोनू का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन उन्हें कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई। इसी निराशा और आक्रोश में उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आत्मदाह जैसा कदम उठाने की कोशिश की।
पुलिस ने हिरासत में लेकर की काउंसलिंग
घटना के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। बाद में परिजनों की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग की गई और चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
पुलिस का कहना है कि चोरी हुए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया गया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना ने कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था और लंबित शिकायतों के निस्तारण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। नगर में दिनभर इस घटना को लेकर चर्चा बनी रही।








