उत्तराखंड: फिल्मी अंदाज में होटल में हुई चोरी, इडली का ऑर्डर देकर कर्मचारी को किचन में किया बंद, 30 हजार रुपये लेकर फरार

रुड़की (हरिद्वार)- हरिद्वार जिले के रुड़की में एक शातिर चोर ने फिल्मी अंदाज में रेस्टोरेंट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ग्राहक बनकर रेस्टोरेंट में पहुंचा, पहले इडली का ऑर्डर दिया और फिर कर्मचारी को किचन में बंद कर कैश काउंटर से करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, घटना सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में नीलम टॉकीज के पास स्थित साउथ फ्यूजन रेस्टोरेंट की है। बताया जा रहा है कि घटना के समय रेस्टोरेंट का मैनेजर सामान लेने बाहर गया हुआ था। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर रेस्टोरेंट में पहुंचा और इडली का ऑर्डर दिया।
कर्मचारी जैसे ही ऑर्डर तैयार करने के लिए किचन में गया, आरोपी ने बाहर से किचन का दरवाजा बंद कर दिया। कर्मचारी अंदर ही फंस गया और आरोपी सीधे कैश काउंटर तक पहुंच गया। उसने गल्ले में रखी करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी अपने बैग में रखी और मौके से फरार हो गया।
कुछ देर बाद मैनेजर वापस लौटा तो कर्मचारी को किचन से बाहर निकाला गया। इसके बाद कैश काउंटर की जांच करने पर चोरी का पता चला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
रेस्टोरेंट मालिक तपेश शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर पुलिस आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फुटेज में आरोपी की पूरी हरकत साफ दिखाई दे रही है, जिससे पुलिस को जल्द आरोपी तक पहुंचने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।








