उत्तराखंड मौसम अपडेट: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी क्षेत्रों में शुष्क मौसम—पारे में आएगी तेज गिरावट

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, जबकि पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिज़ाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। राज्य के कई हिस्सों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में आज कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के आसार जताए गए हैं, जिससे अगले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से गिरावट हो सकती है।
देहरादून में सुबह से धूप खिली रही, लेकिन हल्की धुंध के चलते ठंडक बरकरार रही। रात के समय दून और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में धुंध और धुएं की परत छाई रहती है, जिससे तापमान लगातार नीचे बना हुआ है। दिन में चटख धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है। पर्वतीय जिलों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 1–2 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है।
उधर, कई स्थानों पर रात में पाला पड़ने से न्यूनतम तापमान अचानक गिर रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आज और कल पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार बने रहेंगे और इस दौरान तापमान में 1–2 डिग्री तक वृद्धि भी दर्ज की जा सकती है।
हालांकि बुधवार से पूरे प्रदेश में मौसम फिर से शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद राज्य में तापमान में तेजी से गिरावट आने और कड़ाके की ठंड बढ़ने की आशंका जताई गई है।







