उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,मौसममौसम

उत्तराखंड में मौसम का कहर: नैनीताल में मूसलाधार बारिश, 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, पिथौरागढ़ में स्कूल बंद

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक करवट ले ली है। प्रदेश के सभी जिलों में देर रात से रुक-रुककर तेज बारिश का दौर जारी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है।

 

नैनीताल में सुबह 3 बजे से मूसलाधार बारिश हो रही है, जबकि देहरादून में सुबह से घने बादल छाए हैं और रुक-रुककर तेज बारिश दर्ज की जा रही है।

 

अल्मोड़ा, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में भी भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अल्मोड़ा में एहतियातन बिजली आपूर्ति रोक दी गई है, वहीं लगातार बारिश और ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

 

रुद्रप्रयाग की केदारघाटी में घना कोहरा और बारिश का सिलसिला जारी है। टिहरी में भी रातभर बारिश होती रही और सुबह से घने बादल व कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूल की वैन में लगी अचानक आग, ड्राईवर की सूझबूझ से बची 18 बच्चों की जान

 

7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

 

इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बौछारें और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 

 

पिथौरागढ़ में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
पिथौरागढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने सोमवार को जिले के सभी सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यहाँ मामूली से विवाद में बाइक सवार युवकों ने चलाई गोली, एक की मौत

 

उत्तरकाशी में हाईवे पर झरने जैसा बहा पानी
रविवार को उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में बारिश दर्ज की गई। नैनीताल, देहरादून और अल्मोड़ा में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हुई। देहरादून में दोपहर के समय ही अंधेरा छा गया और मौसम शाम जैसा नजर आने लगा।

 

वहीं उत्तरकाशी में बारिश के चलते गंगोत्री नेशनल हाईवे पर पहाड़ी से अचानक तेज पानी बहने लगा। झरने की तरह सड़क पर आए पानी को देखकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।

 

देहरादून में आज कैसा रहेगा मौसम
देहरादून में देर रात से रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

 

राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- हरीश रावत, करन माहरा सहित वरिष्ठ नेताओं संग प्रदेश प्रभारी शैलजा कुमारी ने की बैठक, प्रदेश की इन दो सीटों पर होने हैं प्रत्याशी घोषित

 

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान
5 मई
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं।

 

6 मई
पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना बनी रहेगी। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।

 

 

7 मई
राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन जारी रह सकता है। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।