उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि; सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। मैदानी इलाकों में जहां आंशिक बादल छाए रहे, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में घने बादलों के बीच बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर देखने को मिला। मौसम के बदले मिजाज से प्रदेशभर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
शनिवार को राजधानी देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह तेज धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। आसमान में बादल छा गए और देर शाम कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि हुई।
वहीं, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई। टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ओले गिरे और अंधड़ भी चला। कुमाऊं मंडल के पर्वतीय इलाकों में भी तेज बौछारों और गर्जन के साथ मौसम खराब बना रहा।
प्रदेश के अधिकतर पर्वतीय क्षेत्रों में झमाझम बारिश के चलते निचले इलाकों के तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहे हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को भी पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम खराब रह सकता है।
देहरादून, नैनीताल समेत सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश, अंधड़, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।








