उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 4 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट; नदी-नालों से दूर रहने की अपील

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारों की संभावना जताई है। वहीं देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से नदी-नालों, बरसाती गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने को भी कहा गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे से लेकर सामान्य के बीच रहा। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह से रात तक बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
लगातार हो रही बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों की नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम खराब होने की स्थिति में स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित विभागों से संपर्क करें।








