उत्तराखंड- यहाँ हुआ बड़ा हादसा, स्नान के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत; 50 डुबकी के बाद हुईं बेहोश

बद्रीनाथ- बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं राजस्थान के भीलवाड़ा की रहने वाली थीं और आपस में रिश्ते की बहनें थीं। बताया जा रहा है कि दोनों 108 डुबकी लगाने के संकल्प के तहत कुंड में स्नान कर रही थीं। करीब 50 डुबकी लगाने के बाद अचानक दोनों बेहोश होकर कुंड में गिर गईं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने दोनों महिलाओं को कुंड से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 71 वर्षीय रामु देवी पत्नी अमरचंद शर्मा और 73 वर्षीय प्रेम देवी पत्नी मदन शर्मा, निवासी भीलवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक राजस्थान से 100 से अधिक श्रद्धालुओं का दल चार सितंबर से बद्रीनाथ धाम में ठहरा हुआ है। यह दल धाम में कथा का आयोजन भी कर रहा है। शुक्रवार सुबह चार महिला श्रद्धालु 108 डुबकी लगाने के संकल्प के साथ तप्त कुंड में स्नान करने पहुंची थीं।
50 डुबकी लगाने के बाद बिगड़ी तबीयत
एसडीआरएफ और थाना प्रभारी महादेव उनियाल के मुताबिक हादसे के समय दोनों महिलाएं करीब 50 डुबकी लगा चुकी थीं। बताया गया कि शुरुआत में दोनों धीरे-धीरे डुबकी लगा रही थीं, लेकिन परिवार के सदस्य जब मंदिर में दर्शन के लिए चले गए तो उन्होंने तेजी से डुबकी लगाना शुरू कर दिया। इसी दौरान दोनों की सांस फूल गई और वे बेहोश होकर कुंड में गिर पड़ीं।
कुंड में स्नान कर रहीं अन्य दो महिलाएं भगवती देवी और सोहनी देवी सुरक्षित हैं।
थाना प्रभारी महादेव उनियाल ने बताया कि हादसा शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। दोनों महिलाओं को कुंड से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
घटना के समय मृत महिलाओं के परिवार के सदस्य मंदिर में दर्शन के लिए गए हुए थे। परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। एसडीएम के निर्देश के बाद पुलिस आवश्यक कार्रवाई पूरी कर दोनों शव परिजनों को सौंपेगी।
परिजनों ने बताया कि दोनों महिलाओं का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जाएगा। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।








