नैनीताल- वन्यजीव को बचाने में पलटी पिकअप, ग्रामीण की मौत

नैनीताल न्यूज़- नैनीताल जिले में कोटाबाग-बांसी रोड पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक आए वन्यजीव को बचाने के प्रयास में एक पिकअप अनियंत्रित होकर किनारे खड़े ग्रामीण को टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। पिकअप चालक उसे उपचार के लिए बीडी पांडे अस्पताल लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बांसी निवासी गणेश सिंह रविवार रात पिकअप लेकर कोटाबाग से बांसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अड़िया के समीप अचानक वाहन के सामने एक वन्यजीव आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। पिकअप सड़क किनारे खड़े बांसी निवासी तारा सिंह को टक्कर मारने के बाद पलट गई।
हादसे में तारा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पिकअप चालक उन्हें उपचार के लिए नैनीताल स्थित बीडी पांडे अस्पताल लेकर निकला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस, पंचनामे की कार्रवाई शुरू
घटना की सूचना 112 के माध्यम से मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल में चिकित्सकों ने ग्रामीण को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि मामले में मृतक पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों को बुलाकर पंचनामे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।










