देहरादून में ₹600 के लिए हत्या! नशे में धुत व्यक्ति को धक्का देकर गिराया, CCTV से खुला राज; दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून न्यूज़- राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में महज 600 रुपये की लूट के लिए एक व्यक्ति की जान लेने का मामला सामने आया है। सेवला खुर्द में एक व्यक्ति को धक्का देकर नाली में गिराने और उसके साथ मारपीट करने के बाद आरोपी उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। घटना में व्यक्ति की मौत हो गई। वारदात का खुलासा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज से हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 19 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:56 बजे राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास हुई थी। मामले में पुलिस ने पहले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने लूट के इरादे से व्यक्ति को निशाना बनाया था।
5 पॉइंट में समझिए पूरा मामला
1. सड़क किनारे अचेत मिला था व्यक्ति
20 अक्टूबर की सुबह 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली कि सेवला खुर्द में राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने 72 घंटे तक शव को मोर्चरी में रखकर शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद नियमानुसार पोस्टमॉर्टम कराकर अंतिम संस्कार कराया गया।
2. CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
24 अक्टूबर को पुलिस ने मृतक की तस्वीर के माध्यम से पहचान कराने के साथ ही घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में 19 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे तीन व्यक्ति सड़क पर जाते दिखाई दिए। इसी दौरान एक युवक ने अपने साथी को पीछे से जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क किनारे गिर गया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जबकि दूसरा युवक पास में खड़ा रहा। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित से 600 रुपये भी लूट लिए।
3. मृतक को छोड़कर लौटे आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी व्यक्ति को सड़क किनारे छोड़कर चले गए। कुछ देर बाद वे दोबारा मौके पर लौटे और व्यक्ति को हिलाकर उसकी स्थिति देखने लगे। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। जांच में सामने आया कि धक्का लगने और मारपीट के दौरान व्यक्ति को गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
4. 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ के बाद गिरफ्तारी
CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 25 अक्टूबर को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की और घटनास्थल से जुड़े रास्तों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
5. नशे में धुत लोगों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशरफ उर्फ काला (26), निवासी ब्राह्मणवाला, थाना पटेलनगर, देहरादून और सफदर (36), मूल निवासी जीवनगढ़, थाना विकासनगर, देहरादून के रूप में हुई है। सफदर वर्तमान में ब्राह्मणवाला क्षेत्र में किराये पर रहता है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और आईएसबीटी क्षेत्र में शराब के ठेकों के आसपास घूमते थे। वहां से अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों का पीछा कर सुनसान जगहों पर लूटपाट करते थे। 19 अक्टूबर की रात भी उन्होंने एक व्यक्ति को निशाना बनाया। लूट के इरादे से उसे धक्का दिया और मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।










