उत्तराखण्डकुमाऊं,क्राइम

उत्तराखंड- यहां बैडमिंटन खेलने के विवाद में खूनी वारदात, 10 वर्षीय बच्चे ने 12 साल के मासूम पर चाकू से किए 5 वार, इलाज के दौरान मौत

ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर में बैडमिंटन खेलने को लेकर हुए विवाद ने बेहद दर्दनाक रूप ले लिया। आरोप है कि बैडमिंटन खेलने से मना करने पर करीब 10 वर्षीय एक नाबालिग बच्चे ने 12 वर्षीय बच्चे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले जसपुर और फिर काशीपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी नाबालिग फरार बताया जा रहा है।

 

 

जानकारी के अनुसार, जसपुर कोतवाली क्षेत्र के लकड़ी मंडी इलाके में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे 12 वर्षीय मोहम्मद ईशान अन्य बच्चों के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक अन्य नाबालिग बच्चा वहां पहुंचा और बैडमिंटन खेलने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  कोटद्वार धमकी मामला: सोशल मीडिया पर इनाम की घोषणा करने वाले युवक का यू-टर्न, पुलिस के सामने मांगी माफी; ‘रीच बढ़ाने के लिए बनाया था वीडियो’

 

 

आरोप है कि मोहम्मद ईशान द्वारा उसे खेलने से मना करने पर दूसरा बच्चा नाराज हो गया। इसके बाद उसने चाकू निकालकर मोहम्मद ईशान पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने उसके शरीर पर करीब पांच बार चाकू से वार किए, जिनमें एक वार दिल के पास भी लगा।

 

 

हमले में गंभीर रूप से घायल मोहम्मद ईशान को परिजन तत्काल जसपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे काशीपुर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान शाम करीब साढ़े छह बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट: आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

 

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

 

 

जसपुर कोतवाली प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि हमले का आरोपी भी नाबालिग है और घटना के बाद से फरार है। पुलिस आरोपी के परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में बवाल, इंटरनेट ठप, हिंसा में छह की मौत और करीब 250 घायल, कर्फ्यू लागू

 

 

वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर जसपुर विधायक आदेश चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। विधायक ने कहा कि मृतक मोहम्मद ईशान की उम्र करीब 12 वर्ष थी और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 10-11 वर्षीय बच्चे ने उस पर चाकू से हमला किया है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

 

 

फिलहाल पुलिस फरार नाबालिग आरोपी की तलाश में जुटी है। महज बैडमिंटन खेलने को लेकर हुए विवाद में एक मासूम की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।