धरने से पहले प्रशासन की कार्यवाही: गौला निकासी और स्कूल संचालन पर सख्त निर्देश

लालकुआं न्यूज़– बिंदुखत्ता राजस्व गांव की मांग को लेकर संघर्ष समिति द्वारा 18 फरवरी को लालकुआं तहसील में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन और विभिन्न विभागों ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। आंदोलन में भारी संख्या में ग्रामीणों की संभावित भागीदारी को लेकर क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इसी क्रम में वन विकास निगम ने बुधवार को क्षेत्र के तमाम गौला निकासी गेट खोलने का निर्णय लिया है, ताकि आवाजाही और गतिविधियों पर नियंत्रण बनाए रखा जा सके। वहीं दूसरी ओर, बिंदुखत्ता क्षेत्र के कुछ निजी विद्यालयों द्वारा 18 फरवरी को स्कूल बंद रखने की घोषणा के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
खंड शिक्षा अधिकारी, हल्द्वानी (नैनीताल) की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 18 फरवरी 2026 को लालकुआं एवं बिंदुखत्ता क्षेत्र के सभी सरकारी, मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालय नियमित रूप से खुले रहेंगे। आदेश में कहा गया है कि किसी भी प्रकार का अवकाश घोषित नहीं किया गया है और विद्यालय निर्धारित समय पर खुलेंगे तथा निर्धारित समय पर ही बंद होंगे।
शिक्षा विभाग ने यह भी अवगत कराया है कि 18 फरवरी को जनपद के मुख्य शिक्षा अधिकारी का भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में यदि कोई विद्यालय बंद पाया जाता है तो संबंधित संस्था अध्यक्ष को व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी माना जाएगा।
शिक्षा विभाग के आदेश के बाद जिन विद्यालय प्रबंधन ने पहले स्कूल बंद रखने की सूचना जारी की थी, उन्होंने अब पुनः अभिभावकों और विद्यार्थियों को स्कूल खुले रहने का संदेश भेजना शुरू कर दिया है।
उधर, संघर्ष समिति द्वारा प्रस्तावित जुलूस और जनसभा की तैयारियां भी जोर-शोर से जारी हैं। प्रशासनिक स्तर पर आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।









