भवाली पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार, SSP नैनीताल का सख्त संदेश

नैनीताल न्यूज़– भवाली कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार दिनांक 04 फरवरी 2026 को सीएचसी अस्पताल भवाली से सूचना प्राप्त हुई कि एक नाबालिग युवती छह माह की गर्भवती है। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस ने पीड़िता के परिजनों से संपर्क किया। पीड़िता की माता की तहरीर के आधार पर थाना भवाली में मु0अ0सं0 04/26, धारा 64 बीएनएस एवं 5(J)/11/6 पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत आरोपी साहिल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा एवं अधीनस्थ पुलिस टीम को दिए। निर्देशों के क्रम में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी और दिनांक 05 फरवरी 2026 को आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का फॉरेंसिक लैब परीक्षण, मेडिकल परीक्षण एवं अन्य विधिक कार्रवाई पूरी की गई। इसके उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ उसकी संपत्ति के विरुद्ध जब्तीकरण की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। साथ ही क्षेत्र में माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों पर पुलिस की मॉनिटरिंग सेल लगातार नजर बनाए हुए है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम
वरिष्ठ उप निरीक्षक – आसिफ खान
महिला उप निरीक्षक – गुरविन्दर कौर
उप निरीक्षक – रमेश पंत
उप निरीक्षक – मनोज अधिकारी
हेड कांस्टेबल – लाल बाबू
कांस्टेबल – हरीश सिंह
कांस्टेबल – भुवन कापड़ी
मीडिया सेल – नैनीताल पुलिस








