उत्तराखंड पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 17 IPS अधिकारियों के तबादले; नैनीताल समेत कई जिलों को मिले नए SSP

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने 17 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। 25 नवंबर 2026 को गृह अनुभाग-1 की ओर से जारी शासनादेश के तहत नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और टिहरी समेत कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) को बदल दिया गया है।
इस फेरबदल के तहत अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
ऊधमसिंह नगर और पौड़ी में भी बदले SSP
शासनादेश के अनुसार, ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है। उनकी जगह मणिकांत मिश्रा को जिले का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, देवेंद्र पींचा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक बनाया गया है। उनके स्थान पर सरिता डोबाल को टिहरी का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
तबादला सूची के अनुसार, पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बेलपड़ाव का सेनानायक बनाया गया है। हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
अमित श्रीवास्तव प्रथम को अभिसूचना में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अमित श्रीवास्तव द्वितीय को पुलिस अधीक्षक चमोली बनाया गया है।
इसके अलावा विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक, संदीप पंवार को सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक और जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
जगदीश चंद्र को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर तथा शाहजहां जावेद खान को पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
शासन की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कार्यभार ग्रहण करने का प्रमाणक पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।











