व्यापार मंडल चुनाव: 15वें राउंड तक दीवान सिंह बिष्ट 281 मतों से आगे, कई पदों पर बढ़त हुई मजबूत

लालकुआं न्यूज़- प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल लालकुआं के चुनाव की मतगणना में 15 राउंड पूरे होने तक कई पदों पर प्रत्याशियों ने मजबूत बढ़त बना ली है। कुल 19 राउंड की मतगणना में अब केवल चार राउंड शेष हैं। ऐसे में अधिकांश पदों पर परिणामों की तस्वीर लगभग साफ होती नजर आने लगी है।
अध्यक्ष पद पर दीवान सिंह बिष्ट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नरेश चौधरी पर बड़ी बढ़त बना ली है। 15वें राउंड तक दीवान सिंह बिष्ट को 509 और नरेश चौधरी को 228 मत मिले हैं। इस प्रकार दीवान सिंह बिष्ट 281 मतों से आगे चल रहे हैं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर महेश भट्ट 348 मतों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी विशाल झा को 205 और मनोज मौर्या को 102 मत प्राप्त हुए हैं। महेश भट्ट, विशाल झा से 143 मतों की बढ़त पर हैं।
महामंत्री पद पर नंदन सिंह राणा ने बढ़त कायम कर ली है। उन्हें 394 मत मिले हैं, जबकि अमजद खान को 344 मत प्राप्त हुए हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच 50 मतों का अंतर बना हुआ है।
उपाध्यक्ष पद पर प्रकाश कुमार ने शानदार बढ़त बनाई हुई है। उन्हें 392 मत मिले हैं, जबकि किशन भट्ट को 179 और भुवन सिंह बिष्ट को 147 मत प्राप्त हुए हैं। प्रकाश कुमार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी किशन भट्ट से 213 मतों से आगे चल रहे हैं।
कोषाध्यक्ष पद पर विनोद पांडे को 405 और सुजीत कुमार गिरी को 299 मत मिले हैं। विनोद पांडे 106 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं संगठन मंत्री पद पर जितेंद्र गुप्ता को 401 और करीम खान को 312 मत प्राप्त हुए हैं। जितेंद्र गुप्ता 89 मतों से आगे चल रहे हैं।
मतगणना स्थल पर देर रात तक प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक मतगणना जारी थी और अंतिम परिणाम घोषित नहीं किए गए थे। कुल 19 राउंड में से 15 राउंड पूरे होने के बाद चुनावी मुकाबले का रुख कई पदों पर स्पष्ट होता दिखाई दे रहा है।








