उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, 16 मार्च को पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 13 मार्च को राज्य के पांच जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। वहीं 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। विभाग के मुताबिक 16 मार्च को पूरे प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं।
देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना
राजधानी देहरादून में मौसम मुख्यतः साफ रहने के साथ कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार शहर में अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन में मौसम सामान्य रहेगा, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो सकती है।

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
14 मार्च: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन की संभावना है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। देहरादून, टिहरी गढ़वाल और अल्मोड़ा में भी हल्की बारिश और बिजली चमकने के आसार हैं।
15 मार्च: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अन्य पहाड़ी जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
16 मार्च: पर्वतीय जनपदों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। कई जगह गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।








