राज्य स्थापना की रजत जयंती पर गैरसैंण में भव्य कार्यक्रम, मुख्यमंत्री धामी ने किया राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित

चमोली न्यूज़- उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के गौरवशाली अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित भव्य समारोह में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री के आगमन पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने राज्य निर्माण में अमूल्य योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया और उन्हें उत्तराखंड की पहचान एवं स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के 25 वर्ष पूरे होने का यह अवसर जनसहभागिता, विकास और संकल्प का पर्व है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि “उत्तराखंड ने बीते 25 वर्षों में विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ है। आने वाले 25 वर्ष ‘विकसित उत्तराखंड’ के निर्माण के लिए समर्पित रहेंगे।”
रजत जयंती समारोह के तहत पूरे प्रदेश में विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और विकासपरक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। गैरसैंण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पारंपरिक लोकनृत्य, सांस्कृतिक झांकियाँ और स्थानीय कलाकारों के प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारीगणों, राज्य आंदोलनकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर रजत जयंती उत्सव को यादगार बना दिया।







